पंचायत कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर प्रधानों का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

कासगंज। जनपद कासगंज में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले ग्राम प्रधानों ने पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रधानों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रधानों ने कहा कि वर्तमान ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, जबकि समय पर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा। ऐसे में यदि निर्वाचित प्रतिनिधियों के स्थान पर प्रशासक नियुक्त किए जाते हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत होगा।
प्रधानों ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि कोरोना काल के दौरान जहां-जहां प्रशासक नियुक्त किए गए, वहां वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आईं, जिससे ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर हुई। इसके विपरीत, ग्राम प्रधान सीधे जनता से जुड़े जनप्रतिनिधि होते हैं, जो जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हैं।
संगठन ने सरकार से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाया जाए, ताकि लोकतांत्रिक निरंतरता बनी रहे और ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित न हों।
इस दौरान कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे और उन्होंने एक स्वर में सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। ग्राम प्रधान शिव कुमार हमदर्द,मनोज कुमार, विनोद कुमार राजपूत, विजय कुमार,आदि प्रधान मौजूद रहे।।
#dmKasganj
Author: Soron Live 24

