मार्गशीर्ष मेला स्थल पर साइबर थाना निर्माण का विरोध, डीएम से रोक लगाने की मांग
कासगंज/सोरों, 13 अप्रैल 2026।
शूकर क्षेत्र सोरों ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के मार्गशीर्ष मेला स्थल पर प्रस्तावित साइबर थाना निर्माणाधीन को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी जा रही है। इस संबंध में जिलाधिकारी कासगंज को पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे एवं सभासदों ने एक ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और नगर पालिका की भूमि को मुक्त कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सोरों का यह मेला स्थल सदियों पुराना धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र है, जहां मार्गशीर्ष माह में लगने वाला मेला क्षेत्र की पहचान बना हुआ है। आरोप लगाया गया कि वर्तमान में जिस स्थान पर साइबर थाना प्रस्तावित है, वह नगर पालिका की भूमि है, जिसे पूर्व में अस्थायी रूप से पुलिस लाइन के लिए दिया गया था। अब जब पुलिस लाइन का निर्माण अन्यत्र हो चुका है, तब भी भूमि वापस नगर पालिका को नहीं सौंपी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण मेला स्थल पर साइबर थाना बनने से
मेले का पारंपरिक स्वरूप प्रभावित होगा,
श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचेगी,
भीड़ प्रबंधन और मेला आयोजन में गंभीर बाधाएं उत्पन्न होंगी।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि प्रस्तावित साइबर थाना निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, नगर पालिका की भूमि को पुलिस विभाग से मुक्त कर पुनः सौंपा जाए तथा साइबर थाने के लिए किसी वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाए।
ज्ञापन में यह भी अपेक्षा जताई गई है कि प्रशासन जनहित, धार्मिक आस्था और क्षेत्रीय परंपरा को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगा।
ज्ञापन पर नगर पालिका परिषद सोरों के सभासदों समेत कई जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर मौजूद रहे।
ज्ञापन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे,सभासद,नीतेश रिंकू पचौरी,जयपाल कश्यप,पवनेश सक्सेना,मुनीश चौधरी, मेहरुद्दीन,जय सिंह, आदि लोग उपस्थित रहे।।
#soronnews24 #kasganjpolice #kasganjnews #UPGovernment
Author: Soron Live 24

