त्योहारों से पहले कासगंज पुलिस अलर्ट: पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल, दंगा नियंत्रण का किया गया अभ्यास

कासगंज। आगामी त्योहारों एवं शोभा यात्राओं के मद्देनजर जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कासगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस लाइन कासगंज में बलवा ड्रिल का आयोजन कर दंगा नियंत्रण उपकरणों का व्यापक अभ्यास कराया गया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। ड्रिल के दौरान पुलिस बल को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
अभ्यास में बलवा ड्रिल, एंटी राइट गन, टीयर गैस गन सहित अन्य दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही इन उपकरणों के सही उपयोग, नियमित साफ-सफाई, रखरखाव एवं प्रभावी संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी देकर अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया गया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सतर्कता और समन्वय बनाए रखते हुए शांति व्यवस्था सुनिश्चित करें।
Author: Soron Live 24

