कासगंज: सोरों हरि की पैड़ी के पास नगर पालिका के जनरेटर कक्ष में भीषण आग, मचा हड़कंप

कासगंज जनपद के तीर्थ नगरी सोरों स्थित हरि की पैड़ी क्षेत्र में शनिवार रात्रि करीब 8:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर शनि मंदिर के पीछे स्थित नगर पालिका के जनरेटर एवं विद्युत उपकरण कक्ष में अचानक भीषण आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में जनरेटर सहित वहां रखे अन्य विद्युत उपकरण जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझाने में काफी समय लगा, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन नगर पालिका को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
नगर पालिका के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और विद्युत व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Author: Soron Live 24

