सोरों भागवत में सक्रिय चेन स्नैचर महिलाएं, वृद्धा की सूझबूझ से टली वारदात
प्रसाद वितरण के दौरान चेन तोड़ने का प्रयास, भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी फरार

(फोटो वृद्ध महिला टूटी हुई सोने की चैन दिखाती हुई)
कासगंज (सोरों): तीर्थ नगरी सोरों के पर्यटन केंद्र पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान महिलाओं की चेन तोड़ने वाली गिरोह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे प्रसाद वितरण के दौरान एक वृद्ध महिला चेन स्नैचिंग की घटना का शिकार होते-होते बच गई।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला चक्र तीर्थ निवासी बीना देवी पत्नी स्वर्गीय अशोक कुमार तिवारी कथा समापन के बाद प्रसाद लेने के लिए लाइन में खड़ी थीं। इसी दौरान उनके पीछे खड़ी एक महिला ने उनकी सोने की चेन खींचने का प्रयास किया। हालांकि चेन उनकी धोती में लगी सेफ्टी पिन में उलझ गई, जिससे चोरी की वारदात टल गई।
बीना देवी ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण आरोपी महिला धक्का देकर मौके से फरार हो गई। पीड़िता ने घटना की जानकारी कथा आयोजकों को दी, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि कथा आयोजकों को समय-समय पर माइक से घोषणा कर श्रद्धालुओं को सतर्क करना चाहिए, ताकि महिलाएं महंगे जेवर पहनकर भीड़भाड़ वाले आयोजनों में न आएं और इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
Author: Soron Live 24

