मनरेगा आदि कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत पर मिर्जापुर में जांच, 2-3 दिन में रिपोर्ट जाएगी उच्च अधिकारियों को।

सोरों (कासगंज)। सोरों विकासखंड के ग्राम मिर्जापुर में मनरेगा कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत पर गुरुवार को जांच टीम गांव पहुंची और जमीनी स्तर पर जांच पड़ताल की। यह कार्रवाई गांव निवासी सुरजीत कुमार द्वारा जनवरी माह में जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम प्रधान द्वारा मनरेगा योजना में कई प्रकार की अनियमितताएं की जा रही हैं। आरोप है कि ग्राम प्रधान अनुपमा देवी ने अपनी देवरानी पूनम (पत्नी विष्णु कुमार) को मेट पद पर नियुक्त कर दिया, जबकि वह एक निजी विद्यालय में शिक्षण कार्य भी कर रही हैं। ऐसे में दोनों कार्य एक साथ करना सवालों के घेरे में है।
इसके अलावा शिकायत में यह भी कहा गया कि कुछ व्यक्तियों को बिना कार्य किए ही मनरेगा से भुगतान किया जा रहा है। पंकज पुत्र जंगजीत, बलिस्टर सिंह (सचिव कार्य से जुड़े) सहित अन्य लोगों पर बिना कार्य के भुगतान लेने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं प्रधान पति ज्ञानेन्द्र, विष्णु तथा प्रधान प्रतिनिधि शिवराज सिंह उर्फ जितेंद्र पर भी मनरेगा से अनुचित तरीके से धन प्राप्त करने के आरोप लगाए गए।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि ग्राम प्रधान की निजी मशीनों पर कार्य करने वाले लोगों—जैसे मोहनलाल, प्रसादी आदि—को भी मनरेगा के तहत भुगतान किया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है।
इन सभी आरोपों की जांच के लिए सोरों विकासखंड से दो सदस्यीय टीम गांव पहुंची और विभिन्न कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। जांच टीम के सदस्य संजीव कुमार रावत ने बताया कि जांच पूरी कर ली गई है और 2-3 दिन के भीतर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी।
गांव में जांच टीम के पहुंचने से हड़कंप का माहौल रहा और ग्रामीणों में मामले को लेकर चर्चा होती रही। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
#soronnews24 #dmkasganj #UPNews
Author: Soron Live 24

