सोरों में धूमधाम से मनी सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य जयंती, भव्य शोभायात्रा में झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

सोरों (कासगंज)( सचिन उपाध्याय/रवि श्रोतीय) तीर्थ नगरी सोरों में सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य की जयंती बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एक विचार सामाजिक सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
शोभायात्रा में सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य, महाराजा बिंदुसार, भगवान बुद्ध सहित कई महान विभूतियों की झांकियां सजाई गईं। बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर युवा उत्साहपूर्वक नाचते नजर आए। मौर्य, कुशवाहा, शाक्य, सैनी सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के कछला गेट स्थित ब्लॉक के पीछे मैदान में एक भव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें एटा-कासगंज क्षेत्र के सांसद देवेश शाक्य सहित अन्य अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए और समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
दोपहर करीब 1 बजे सांसद देवेश शाक्य ने फीता काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। यह यात्रा कछला गेट से शुरू होकर लहरा रोड चौराहा, रामसिंहपुरा, कटरा, चंदन चौक, मोहल्ला बदरिया होते हुए सहावर गेट पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
इस मौके पर सांसद देवेश शाक्य ने कहा कि “सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य भारत के महानतम शासकों में से एक थे, जिन्होंने अखंड भारत की नींव रखी। उनका जीवन हमें संगठन, साहस और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और जागरूकता बढ़ती है, जो देश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सोरों कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी के नेतृत्व में पुलिस बल एवं पीएसी के जवान तैनात रहे।
कार्यक्रम में गिरीश चंद्र मौर्य (अध्यक्ष), सत्य प्रकाश, डॉ सत्यपाल मौर्य, आकाश मौर्य, रूपराम मौर्य (प्रधान), राजेंद्र मौर्य, भाजपा नेता सीमा शाक्य, राजेश मौर्य, महेश चंद्र, रूप किशोर मौर्य, सुनील कुमार मौर्य, डॉ राजेश मौर्य, ओपी मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

