हैदराबाद के श्रद्धालुओं ने सोरों में मनाया भगवान वराह-लक्ष्मी विवाहोत्सव, भक्ति में डूबा माहौल
हैदराबाद से आए 200 श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से संपन्न कराया भव्य आयोजन, हर वर्ष आयोजन का लिया संकल्प

सोरों (कासगंज):तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में भगवान वराह एवं माता लक्ष्मी जी का भव्य विवाहोत्सव समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में दक्षिण भारत, विशेषकर हैदराबाद (आंध्र प्रदेश) से आए लगभग 200 श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का आयोजन टूर टाइम्स ट्रेवल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर रमेश कुमार एवं गणेश द्वारा कराया गया। विवाहोत्सव को आचार्य राधा मनोहर दास सहित विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत सम्पन्न कराया गया। इस दौरान कार्तिक, संतोष, राकेश, रमा देवी, मालती, कविता समेत अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
विवाहोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान वराह और माता लक्ष्मी के दिव्य विवाह का साक्षी बनकर स्वयं को धन्य महसूस किया।
वराह मंदिर के सेवायत नरेश त्रिगुणायत ने बताया कि हैदराबाद से आए श्रद्धालुओं का यह समूह टूर टाइम्स ट्रेवल्स के माध्यम से सोरों पहुंचा। यहां आकर श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से भगवान वराह और माता लक्ष्मी का विवाहोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया। उन्होंने कहा कि तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र ही भगवान वराह का प्रमुख प्रकट स्थल है और पूरे भारतवर्ष में इसका विशेष महत्व है।
उन्होंने यह भी बताया कि श्रद्धालुओं ने इंटरनेट, फेसबुक और गूगल के माध्यम से इस पावन स्थल की जानकारी प्राप्त की और फिर मंदिर प्रशासन से संपर्क कर इस आयोजन को साकार किया। श्रद्धालुओं ने संकल्प लिया कि वे प्रत्येक वर्ष इसी माह में यहां आकर विवाहोत्सव को और भी भव्य रूप में मनाएंगे।
नरेश त्रिगुणायत ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से सोरों धाम की धार्मिक महत्ता और अधिक बढ़ेगी तथा देशभर के श्रद्धालु यहां आकर्षित होंगे।
#soronnews24 #soron #HydrabadNews #vrah
Author: Soron Live 24

