लड्डू वाले बालाजी दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, हनुमान जयंती महोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

कासगंज ब्यूरो।तीर्थ नगरी सोरों (शूकरक्षेत्र) में चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमान जयंती महोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में हवन-यज्ञ, भंडारा और प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
हर की पैड़ी स्थित श्री लड्डू वाले बालाजी दरबार में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने हवन-यज्ञ में आहुति देकर भगवान बालाजी महाराज के दर्शन किए और छप्पन भोग का आनंद लिया। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
दिल्ली, हरियाणा, आगरा, बरेली, मथुरा, कासगंज, एटा सहित विभिन्न जनपदों और प्रदेशों से आए श्रद्धालुओं ने बालाजी दरबार में हाजिरी लगाकर दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
हवन-यज्ञ का संचालन कर रहे ज्योतिषाचार्य वीरेंद्र वल्लभ व्यास ने बताया कि प्रत्येक वर्ष चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में यहां भव्य हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेकर धार्मिक लाभ प्राप्त करते हैं।
मंदिर के पुजारी शिवकुमार ने जानकारी दी कि दिनभर हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन जारी रहा। मंदिर को फूल बंगले से विशेष रूप से सजाया गया है तथा देर रात भव्य आरती का आयोजन भी किया जाएगा।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और “जय श्री राम” व “जय बजरंगबली” के जयकारों से तीर्थ नगरी गूंज उठी।
Author: Soron Live 24

