महंगी किताबों पर सख्ती: अब एनसीईआरटी से ही होगी पढ़ाई, कासगंज डीआईओएस का सख्त आदेश

महंगी किताबों पर सख्ती: अब एनसीईआरटी से ही होगी पढ़ाई, कासगंज डीआईओएस का सख्त आदेश

कासगंज, 31 मार्च 2026। जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अब केवल एनसीईआरटी पुस्तकों से ही पढ़ाई सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय कासगंज की ओर से आदेश जारी कर सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे शासन के नियमों का कड़ाई से पालन करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम-2018 एवं संशोधन अधिनियम-2020 के तहत कक्षा 1 से 12 तक एनसीईआरटी पुस्तकों को ही पाठ्यक्रम के रूप में अपनाना अनिवार्य है। इसके बावजूद यदि कोई विद्यालय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें लागू करता है और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालता है, तो इसे नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय तीन दिन के भीतर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश चंद्र ने कहा, “शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को सस्ती और मानक शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी विद्यालय द्वारा मनमानी कर अभिभावकों पर अतिरिक्त बोझ डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

वहीं इस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे हरवीर सिंह भारतीय ने कहा, “लंबे समय से अभिभावक महंगी किताबों के बोझ से परेशान थे। यह फैसला स्वागत योग्य है, लेकिन इसकी सख्ती से निगरानी जरूरी है, ताकि कोई भी स्कूल नियमों की अनदेखी न कर सके। अगर आदेश का पालन नहीं हुआ तो हमारा आंदोलन और तेज किया जाएगा।”

प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं अब सभी की नजर इस बात पर है कि विद्यालय इस आदेश का कितना पालन करते ।
महंगी किताबों पर सख्ती: अब एनसीईआरटी से ही होगी पढ़ाई, कासगंज डीआईओएस का सख्त आदेश।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *