दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 के पालन में लापरवाही, कार्रवाई की मांग।
हर थाने में दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 की पट्टिका लगाने और दिव्यांग अधिकार अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर एसपी को ज्ञापन।

कासगंज। वाराह जन सेवा दिव्यांग समिति के तत्वाधान में दिव्यांग अधिकारों को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दिव्यांग अधिकार अधिनियम-2016 के तहत मुकदमा दर्ज कराने एवं जनपद के प्रत्येक थाने में अधिनियम से संबंधित पट्टिका लगाए जाने की मांग की गई है।
समिति का आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि कुछ थानों में पट्टिका लगाई गई है, लेकिन अधिकांश स्थानों पर अभी भी इसकी व्यवस्था नहीं है।
ज्ञापन में कहा गया है कि अधिनियम के तहत मामलों में उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है, जिससे दिव्यांगजनों में रोष व्याप्त है और उन्हें न्याय मिलने में बाधा आ रही है।
समिति के अध्यक्ष कुलदीप निर्भय ने कहा कि “दिव्यांगजनों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को चाहिए कि दिव्यांग अधिकार अधिनियम-2016 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराए। सभी थानों में अधिनियम की जानकारी देने वाली पट्टिका अनिवार्य रूप से लगाई जाए और शिकायतों पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो समिति आंदोलन करने को बाध्य होगी।
समिति ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में जल्द कार्रवाई कर दिव्यांगजनों को न्याय दिलाया जाए और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन के दौरान सचिव विनोद कुमार, प्रहलाद महेरे, राजपाल, अंजय कुमार ,बृजपाल ,धैर्यधर, विजय पटियात आदि लोग उपस्थित रहे
Author: Soron Live 24

