कामदा एकादशी पर शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने की पंचकोशी परिक्रमा

कामदा एकादशी पर शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने की पंचकोशी परिक्रमा

 

सोरों जी। चैत्र मास की पावन कामदा एकादशी के अवसर पर शूकर क्षेत्र धाम सोरों जी में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी स्थित पवित्र गंगा जी में स्नान कर भगवान वराह का विधिवत पूजन-अर्चन किया और पंचकोशी परिक्रमा का शुभारंभ किया।
परिक्रमा के दौरान भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन एवं भजन-कीर्तन करते हुए पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। संकीर्तन की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंचकोशी परिक्रमा में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पंचकोशी परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं ने वराह गौशाला, चक्रतीर्थ, सूर्यकुण्ड, चन्द्रकुण्ड, जयादेवी भद्रकाली मंदिर, बटुक भैरव मंदिर, प्राचीन गृद्धवट, ग्राम देवी मंदिर, सीताराम मंदिर, तुलसीदास जन्मस्थान मंदिर, चौरासी घंटे वाली मैया और बाछरु महाराज सहित अनेक पवित्र स्थलों के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
परिक्रमा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं विश्राम की उत्तम व्यवस्था की गई। सीता रसोई, ममता देवी भवन (प्रेम जी की बगीची), सिंग्नल वाले महाराज सहित अन्य स्थानों पर समाजसेवियों ने सेवा कार्य कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
इसके उपरांत श्रद्धालु करुआ देव महाराज, भगीरथ गुफा, कपिल मुनि आश्रम, वनखंडेश्वर महादेव मंदिर एवं चैतन्य महाप्रभु की बैठक होते हुए पुनः वराह मंदिर पहुंचकर परिक्रमा पूर्ण की।
ब्राह्मण कल्याण सभा के संस्थापक अध्यक्ष एवं शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के संयोजक शरद कुमार पाण्डेय ने बताया कि कामदा एकादशी (चैत्र शुक्ल एकादशी) हिंदू धर्म में मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली एवं पाप नाशक मानी जाती है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा एवं व्रत करने से महापापों से मुक्ति, सुख-समृद्धि और जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है। उन्होंने बताया कि यह हिंदू नववर्ष की पहली एकादशी भी मानी जाती है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी में प्रत्येक एकादशी को पंचकोशी परिक्रमा का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।
इस अवसर पर शरद कुमार पांडेय, शिवानंद उपाध्याय, अशोक कुमार पाण्डेय, प्रवीण कुमार द्विवेदी, शशांक दीक्षित, अजय पाल सिंह, हाकिम सिंह, विनोद दीक्षित, योगेश उपाध्याय, रामू तिवारी, सचिन गुप्ता, लाखन सिंह, ईश्वरी प्रसाद, शिवम् उपाध्याय, गिरिजाशंकर पाठक, अभय भारद्वाज, प्रदीप उपाध्याय, महेश सक्सेना (कानपुर), जितेंद्र कुमार हल्दीया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। #soronnews24 #dmkasganj #news

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *