महानवमी पर सेवाभारती का भव्य भंडारा, कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद

कासगंज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संगठन सेवाभारती द्वारा महानवमी के पावन अवसर पर भोगपुर स्थित माता रानी के मंदिर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनु गौड़, प्रांतीय छात्रा प्रमुख एवं जिला प्रमुख एबीवीपी डॉ. भारती वार्ष्णेय तथा विभाग उपाध्यक्ष एवं जिला संरक्षक सेवाभारती डॉ. पंकज वार्ष्णेय ने विधि-विधान के साथ पूजन कर किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को प्रसाद स्वरूप भोजन वितरित किया गया। इसके पश्चात देवी स्वरूपा कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती रेनु गौड़ ने नवदुर्गा पर्व को नारी सशक्तिकरण का प्रतीक बताते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। वहीं डॉ. भारती वार्ष्णेय ने माँ दुर्गा के अन्नपूर्णा एवं चंडी स्वरूप की महत्ता पर प्रकाश डाला। डॉ. पंकज वार्ष्णेय ने वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप नौ देवियों की महिमा का विस्तृत वर्णन किया।
कार्यक्रम के संयोजक दूरबीन सिंह एवं प्रमोद कुमार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान राजेन्द्र कुमार गौरवराजपूत, यतींद्र, सुधीर, पुष्पेंद्र कुमार, प्रशांत कुमार, अरविन्द, विकास उपाध्याय, विष्णु राणा, प्रवीण कुमार, सूबेदार बघेल, नितिन कुमार, मदन लाल सहित सेवाभारती के अनेक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

