कासगंज में मिशन शक्ति अभियान तेज: महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक “डरकर नहीं, डटकर करें सामना” का दिया संदेश, चौपालों के जरिए पहुंची पुलिस

कासगंज में मिशन शक्ति अभियान तेज: महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक

“डरकर नहीं, डटकर करें सामना” का दिया संदेश, चौपालों के जरिए पहुंची पुलिस

 

कासगंज, 24 मार्च 2026।( सचिन उपाध्याय)महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद कासगंज में मिशन शक्ति फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा चौपाल आयोजित कर सीधे संवाद स्थापित किया गया। चामुण्डा मंदिर परिसर, करुआ देवता जात मेला गंगागढ़, गोशपुर भूपालगढ़ी, हीरापुर, वीनपुर कला, शहवाजपुर, बहोरनपुर, बहोटा, पन्त नगर, बहोरा और सोरों गेट स्थित मां शीतला मंदिर सहित कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को विषम परिस्थितियों में घबराने के बजाय साहसपूर्वक सामना करने और बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, सुरक्षित संबंध, सोशल मीडिया के सतर्क उपयोग और झूठे मामलों के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में गुड टच-बैड टच, बाल सुरक्षा, महिलाओं के कानूनी अधिकार और सरकारी योजनाओं की भी जानकारी साझा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस), 108 (एम्बुलेंस), 1098 (चाइल्ड लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) का उपयोग करें।
पुलिस विभाग का यह अभियान महिलाओं को सशक्त और सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *