कासगंज कलेक्ट्रेट में नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रम, योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं

कासगंज, उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया। साथ ही लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री के उद्बोधन को उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई, वहीं कन्या जन्मोत्सव के तहत 9 लाभार्थियों को बेबी किट प्रदान कर उन्हें बधाई दी गई।
कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में कराए गए नव निर्माण कार्यों एवं संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जिलाध्यक्ष ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है और आमजन को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
जिलाधिकारी ने भी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है और प्रशासन इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
इस मौके पर जिला महामंत्री महेंद्र सिंह बघेल, नरेंद्र पुंडीर, जिला सूचना अधिकारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं लाभार्थी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

