गंगोत्री से गंगासागर तक अखंड ज्योत रथ यात्रा का सोरों में भव्य स्वागत, मां गंगा की चरण पादुका के दर्शन से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु।

स्केटिंग और मैराथन के साथ आगे बढ़ रही अनोखी यात्रा, नगर पालिका अध्यक्ष ने किया सम्मान, बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु
सोरों कासगंज(सचिन उपाध्याय)गंगोत्री से गंगासागर तक निकली सनातनी गंगा फाउंडेशन की पांचवीं वर्ष आयोजित श्री श्री अखंड ज्योत रथ यात्रा मंगलवार शाम तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र पहुंची। यात्रा में पहली बार मां गंगा की पवित्र चरण पादुका भी शामिल की गई, जिनके दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
रथ यात्रा ने भगवान वराह मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और रात्रि विश्राम किया। इस दौरान नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
भव्य स्वागत और सम्मान समारोह
यात्रा के सोरों पहुंचने पर नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे एवं गंगा आरती मंडल अध्यक्ष संतोष मिश्र के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मां गंगा की चरण पादुका की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा सभी अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य व्यक्तियों, ग्रामीणों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
स्केटिंग और मैराथन के साथ अनोखी यात्रा
8 मार्च 2026 से शुरू हुई इस यात्रा की खास बात यह है कि यह केवल धार्मिक यात्रा ही नहीं, बल्कि एक जनजागरण अभियान भी है।
यात्रा में स्केटिंग और मैराथन के माध्यम से युवा भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
राष्ट्रीय समन्वयक विवेक तिवारी ने कहा—
“यह यात्रा केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि गंगा स्वच्छता और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का एक बड़ा अभियान है। देशभर के युवाओं को इससे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे अपनी संस्कृति और प्रकृति के प्रति जागरूक बनें।”नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने कहा—“सोरों की पावन धरती पर मां गंगा की चरण पादुका का आगमन हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह यात्रा समाज को एकता, आस्था और संस्कारों से जोड़ने का कार्य कर रही है। नगरवासियों की ओर से हम सभी यात्रियों का हृदय से स्वागत करते हैं।”आगे की यात्रा
भव्य स्वागत के बाद रथ यात्रा फर्रुखाबाद के कंपिल के लिए रवाना हो गई। स्केटिंग और मैराथन के साथ यात्रा लगातार अपने गंतव्य की ओर अग्रसर है।स्वागत कार्यक्रम के दौरान संतोष मिश्र, चेयरमैन रामेश्वर दयाल महेरे, विशाल पाठक, सचिन चौधरी, सुधीर बाबा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

