नवरात्र के दौरान मीट-अंडे की बिक्री पर रोक लगाने की मांग, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

सोरों (कासगंज)। आगामी 19 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्र पर्व को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने जनपद में मीट और अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल के जिला संयोजक गोविंद महेरे और विहिप के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र मौर्य ने कहा कि नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर खुलेआम दुकानों और सड़क किनारे मीट व अंडे की बिक्री की जा रही है। कुछ स्थानों पर मंदिरों के आसपास भी मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं, जिससे मंदिरों में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नवरात्र के दौरान पूरे जनपद में नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में मांस और अंडे की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित की जाए। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस संबंध में प्रशासन द्वारा उचित कदम नहीं उठाए गए तो विहिप और बजरंग दल स्वयं कार्रवाई करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान जिला संयोजक गोविंद महेरे, विनोद कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र मौर्य, सत्येंद्र सिंह, विशु, भविष्य माहेश्वरी, काव्यांश, साक्षी, राज चौहान, अमन कुलश्रेष्ठ, जीतू मौर्य, जतिन राजपूत, यश महेरे, निक्की, निर्भय, अनिल कुमार, मनु गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

