पापमोचनी एकादशी पर शूकरक्षेत्र धाम सोरों में पंचकोशीय परिक्रमा 15 मार्च को

कासगंज:शूकरक्षेत्र धाम सोरों में पापमोचनी एकादशी के पावन अवसर पर 15 मार्च 2026, रविवार को प्रातः 7:00 बजे पवित्र पंचकोशीय परिक्रमा का आयोजन किया जाएगा। परिक्रमा का शुभारम्भ हरि की पौड़ी श्री गंगा जी में स्नान से होगा। श्रद्धालु माँ गंगा में स्नान कर भगवान वराह का पूजन एवं आरती करेंगे, इसके पश्चात पंचकोशीय परिक्रमा प्रारम्भ होगी।
धार्मिक मान्यता के अनुसार शूकरक्षेत्र धाम वह पवित्र स्थल है जहाँ भगवान वराह ने पृथ्वी का उद्धार किया था। इस कारण यह स्थान सनातन धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण तीर्थ माना जाता है। यहाँ गंगा स्नान एवं भगवान वराह के दर्शन से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य प्राप्त होता है।
पंचकोशीय परिक्रमा का भी अत्यधिक धार्मिक महत्व है। श्रद्धालु पूरे क्षेत्र की परिक्रमा कर भगवान से पापों से मुक्ति, सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना करते हैं।
शरद कुमार पाण्डेय (संस्थापक अध्यक्ष, ब्राह्मण कल्याण सभा एवं संयोजक, शूकर क्षेत्र समाज सेवा समिति) ने बताया कि शूकरक्षेत्र धाम सोरों में पंचकोशीय परिक्रमा प्रत्येक एकादशी को नियमित रूप से आयोजित की जाती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर धर्म लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।
ॐ जय गंगे, ॐ जय वराह।
Author: Soron Live 24

