चार माह से वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़ा, प्रशासन के आश्वासन पर नीचे उतरा
सस्पेंड किए जाने से नाराज कर्मचारी ने कूदने की दी धमकी, अधिकारियों और पुलिस की समझाइश से टला बड़ा हादसा

कासगंज। जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक सफाई कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए और काफी देर तक समझाने के बाद कर्मचारी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
आज बुधवार को करीब 11:15 बजे सफाई कर्मचारी अजीत वाल्मीकि पुत्र स्व. पन्नालाल, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी मोहल्ला पजाया कस्बा/थाना सोरों जनपद कासगंज, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय विकास भवन परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। अजीत वाल्मीकि का कहना था कि वह ग्राम तुमरिया थाना क्षेत्र सोरों में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था, लेकिन उसे पिछले लगभग चार माह से वेतन नहीं मिला था।
बताया गया कि वेतन बनवाने को लेकर उसने ग्राम प्रधान खेम सिंह मौर्य से कई बार कहा और इसकी शिकायत जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कासगंज से भी की थी। आरोप है कि इसके बाद डीपीआरओ द्वारा 10 मार्च 2026 को उसे निलंबित कर दिया गया और ग्राम तुमरिया की जगह पटियाली क्षेत्र में तैनाती की बात कही गई। इसी बात से आहत होकर अजीत वाल्मीकि टंकी पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद मुख्य विकास अधिकारी कासगंज वीरेंद्र सिंह ने कर्मचारी को उसकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद अजीत वाल्मीकि टंकी से नीचे उतर आया।
युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान विकास भवन परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
#YogiAdityanath #BreakingNews
Author: Soron Live 24

