तीर्थ नगरी सोरों में रंग पंचमी महोत्सव धूमधाम से संपन्न, भव्य शोभायात्रा में झूमे श्रद्धालु
गंगा-वराह और गोस्वामी तुलसीदास की दो दर्जन से अधिक झांकियां निकलीं, जगह-जगह हुआ स्वागत और प्रसाद वितरण

सोरों (कासगंज)। (सचिन उपाध्याय /रवि श्रोतीय)तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में रंग पंचमी महोत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गंगा-वराह एवं गोस्वामी तुलसीदास सहित दो दर्जन से अधिक भव्य झांकियों के साथ डीजे और बैंड बाजों की धुन पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सोरों स्थित वराह मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। समाजसेवी सुनील तिवारी ने मां गंगा और भगवान वराह की आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ कराया। इसके बाद भव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा नेता सीमा उपाध्याय, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज तथा सदर एसडीएम संजीव कुमार ने द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर भगवान द्वारकाधीश की पूजा-अर्चना की और कार्यक्रम में सहभागिता की।
यह आयोजन गंगा भक्ति समिति के तत्वावधान में किया गया। समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र भारद्वाज ने मुख्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनका स्वागत किया। शोभायात्रा के स्वागत में नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा ठंडाई और पूरी-सब्जी के प्रसाद का वितरण किया गया।
शोभायात्रा में डीजे की धुन पर हुरियारे झूमते हुए एक-दूसरे पर अबीर, रंग और गुलाल उड़ाते नजर आए। फाग गीतों की धुन पर लोग नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे और पूरे नगर में होली का उल्लास छा गया।
शोभायात्रा वराह मंदिर से प्रारंभ होकर तिराहा, चंदन चौक, रामसिंहपुरा, कछला गेट, सहावर गेट, अनाज मंडी चौराहा, मोहल्ला बदरिया तथा तिराहा मोहल्ला होते हुए पुनः वराह मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन हेमंत त्रिगुणायत ने किया। कार्यक्रम में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र के नेतृत्व में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रही।
गंगा भक्ति समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र भारद्वाज ने कहा कि सोरों शूकर क्षेत्र आस्था और संस्कृति की पावन भूमि है। रंग पंचमी का यह महोत्सव समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सनातन परंपराओं को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गंगा भक्ति समिति का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ना है।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर आशुतोष आनंद, डॉ. राधा कृष्ण दीक्षित, मनु दुबे सिद्ध, बाबा राधा कृष्ण विजय, सौरभ दीक्षित, आदित्य कंकोरिया दुबे, मयूरेश दुबे, जय किशन तिवारी, अमित अग्रवाल, मनीष शर्मा सिंटू, कन्हैया राम लोटा, अंशुल दुबे, दीपक चौधरी, विक्की तिवारी, योगेश तिवारी, दीपक पाराशर, राजेश तिवारी, अतुल तिवारी सभासद ,विष्णु तिवारी, सभासद संजय उपाध्याय, नितेश मेधावी, हिमांशु चौधरी, कमलनयन चौधरी, शोभित गौड़ आशुतोष तिवारी,सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

