कासगंज:सीबीएसई स्कूलों की फीस,किताब और ड्रेस पर सख्ती, बिना अनुमति नहीं होगी बढ़ोतरी :डीआईओएस

सीबीएसई स्कूलों की फीस, किताब और ड्रेस पर सख्ती, बिना अनुमति नहीं होगी बढ़ोतरी :डीआईओएस


कासगंज (सचिन उपाध्याय )जिले में सीबीएसई बोर्ड से संचालित स्कूलों की फीस, किताबों और ड्रेस को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। अब स्कूल प्रबंधन मनमाने तरीके से फीस नहीं बढ़ा सकेंगे। किसी भी प्रकार की फीस वृद्धि के लिए पहले जिला शुल्क नियामक समिति की अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने सीबीएसई संचालित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि अब तीन वर्ष तक फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं की जा सकेगी। यदि किसी प्रकार का बदलाव करना हो तो उसका प्रस्ताव पहले विद्यालय प्रबंध समिति, अभिभावक समिति या एसएमसी से पारित कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद जिला शुल्क नियामक समिति की अनुमति मिलने पर ही शुल्क वृद्धि संभव होगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि विद्यालयों को पूरे वर्ष की फीस संरचना पहले से ही घोषित करनी होगी और वर्ष के दौरान छात्रों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही स्कूल की ड्रेस कम से कम पांच वर्ष तक नहीं बदली जा सकेगी। यदि ड्रेस में बदलाव किया जाता है तो उसके लिए भी समिति की अनुमति आवश्यक होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूल परिसर में किताबों या ड्रेस की बिक्री के लिए किसी प्रकार की दुकान या स्टॉल लगाने पर रोक रहेगी। निरीक्षण के दौरान ऐसा पाए जाने पर संबंधित प्रबंधक या प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी अभिभावक या छात्र पर किसी एक निर्धारित दुकान से किताबें या ड्रेस खरीदने का दबाव नहीं बनाया जा सकता। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्राइवेट स्कूलों में शिक्षा में लूट अभियान के अंतर्गत धरना प्रदर्शन हरवीर सिंह भारतीय के नेतृत्व में किया गया था जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया था।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *