नगर पालिका की जमीन पर पूर्व बाबू का अवैध कब्जा, सभासद विष्णु तिवारी ने एसडीएम को दी दो लिखित शिकायतें

नगर पालिका की जमीन पर पूर्व बाबू का अवैध कब्जा, सभासद विष्णु तिवारी ने एसडीएम को दी दो लिखित शिकायतें।

सोरों (कासगंज)। नगर पालिका परिषद सोरों में भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े गंभीर आरोप सामने आए हैं। नगर पालिका के सभासद विष्णु तिवारी ने नगर पालिका के एक पूर्व बाबू पर पालिका की जमीन एवं शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में शनिवार को उन्होंने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी/एसडीएम हर्षिता देवड़ा को दो अलग-अलग लिखित शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पहले शिकायती पत्र में सभासद विष्णु तिवारी ने आरोप लगाया कि सोरों के मोहल्ला मलकाना में स्थित मकान/भूखंड संख्या 903 से संबद्ध भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है। पत्र के अनुसार, खसरा वर्ष 1902 के राजस्व अभिलेखों में यह भूमि दर्ज है, जहां पूर्व में सार्वजनिक उपयोग हेतु कुआं एवं खाली स्थान मौजूद था, जिससे स्थानीय नागरिक पानी भरते थे। आरोप है कि बाद में नगर पालिका के पूर्व कर्मचारी द्वारा अभिलेखों में हेर फेर कर इस भूमि पर कब्जा कर लिया गया, जिससे सार्वजनिक उपयोग की सुविधा समाप्त हो गई। सभासद ने इस प्रकरण में राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर जांच कर अवैध कब्जा हटाने की मांग की है।
दूसरे शिकायती पत्र में नगर पालिका द्वारा वर्ष 2014-15 में निर्मित धर्मशाला का मामला उठाया गया है। सभासद का आरोप है कि उक्त धर्मशाला, जो जनता के हित में विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए बनाई गई थी, उसे नगर पालिका के पूर्व कर्मचारी कमाल हसन रहमानी ने वर्ष 2015 से अपने निजी लाभ के लिए किराये पर उठा रखा है ।और स्वयं ही किराया वसूल कर रहे हैं। इससे नगर पालिका को वर्षों से लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में पूर्व में शिकायत किए जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और आज भी धर्मशाला कथित रूप से कब्जे में बनी हुई है।
सभासद विष्णु तिवारी ने कहा
“यह जनता की संपत्ति है। नगर पालिका की जमीन और शत्रु संपत्ति पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने दोनों मामलों में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।”

सभासद अतुल तिवारी ने कहा सोरों नगर पालिका में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा पूरे मामले की जांच हो दोषी पूर्व बाबू पर हो कार्यवाही ।।

शिकायती पत्र देते समय सभासद विष्णु तिवारी के साथ सभासद अतुल तिवारी उपस्थित रहे।।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *