तीर्थ नगरी सोरों में श्री राम कथा की भव्य शुरुआत, निकाली गई कलश शोभा यात्रा।

कासगंज। (सचिन उपाध्याय/रवि श्रोतीय)तीर्थनगरी सोरों में श्रीराम कथा के भव्य आयोजन की शुरुआत बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ हुई। इस अवसर पर श्री वराह मंदिर से भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से चलती नजर आईं। बैंड-बाजे के साथ निकली इस शोभा यात्रा में भगवान प्रभु श्री राम एवं गोस्वामी तुलसीदास जी की आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कलश यात्रा श्री वराह मंदिर से प्रारंभ होकर चंदन चौक होते हुए बदरिया मोहल्ला स्थित अग्रवाल धर्मशाला पर जाकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरा नगर राममय वातावरण में डूबा रहा।
आज से बदरिया मोहल्ला स्थित अग्रवाल धर्मशाला में कथावाचक ललित मिश्रा के मुखारविंद से श्री राम कथा का शुभारंभ किया गया है, जो प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से आयोजित होगी। यह श्री राम कथा सात दिवसीय होगी।
कथावाचक ललित मिश्रा ने कहा, “श्री राम कथा केवल कथा नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा है। भगवान श्री राम का चरित्र हमें सत्य, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलना सिखाता है। सोरों की पावन भूमि पर यह कथा सभी के जीवन में सद्भाव और संस्कारों का संचार करेगी।”
नगर में श्री राम कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कलश यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे, अश्वनी महेरे, सोनू सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
#soron #sriRamkatha #news #dharm
Author: Soron Live 24

