गंगा वन में हरित विकास की रफ्तार बढ़ेगी
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने किया स्थलीय निरीक्षण, सड़क व जल संरक्षण कार्यों में तेजी के निर्देश

कासगंज/सोरों।पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त प्रयास करते हुए जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने मंगलवार को सोरों स्थित गंगा वन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वन क्षेत्र में चल रहे विकास, संरक्षण एवं हरित विस्तार से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वन क्षेत्र में वृक्षारोपण को प्राथमिकता दी जाए तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए वन्य जीवों हेतु हैबिटेट डेवलपमेंट के तहत उपयुक्त आवास स्थल विकसित किए जाएँ।
उन्होंने वन क्षेत्र में जल संरक्षण को मजबूती देने के लिए तालाबों/जलाशयों के निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा गंगा वन के भीतर लोगों के आवागमन को सुचारू बनाने हेतु क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य तुरंत कराए जाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी संजीव कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्रीय वन अधिकारी तथा वन विभाग का अन्य फील्ड स्टाफ उपस्थित रहा।जिलाधिकारी का यह दौरा गंगा वन को एक हरित, सुरक्षित और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है।
Author: Soron Live 24

