दिवंगत पत्रकार सौरभ माहेश्वरी की पत्नी के इलाज और बच्चों की शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता की मांग।


कासगंज।राष्ट्रीय पत्रकार सहायता संघ ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी प्रणय सिंह के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार सौरभ माहेश्वरी की पत्नी के इलाज और बच्चों की शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता की मांग की गई है।
संघ के अध्यक्ष भगवती प्रसाद के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि जनपद कासगंज के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ माहेश्वरी का 30 अक्टूबर 2025 को उपचार के दौरान बरेली में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती निष्प्रभा रानी भी किडनी रोग से पीड़ित हैं और लम्बे समय से उनका उपचार चल रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि दिवंगत पत्रकार सौरभ माहेश्वरी अपने जीवनकाल में एक ईमानदार और निष्पक्ष पत्रकार के रूप में कार्यरत रहे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण पत्नी का इलाज और बच्चों की शिक्षा बाधित हो रही है।
पत्रकार सहायता संघ ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि शोकाकुल परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कम से कम ₹5 लाख की आर्थिक सहायता तत्काल स्वीकृत की जाए ताकि श्रीमती निष्प्रभा रानी का उपचार सुचारू रूप से हो सके और बच्चों की शिक्षा निर्बाध जारी रह सके।
संघ ने कहा कि यह सहायता न केवल दिवंगत पत्रकार के परिवार के लिए संबल बनेगी, बल्कि यह संदेश भी देगी कि राज्य सरकार पत्रकारों के मान-सम्मान और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति संवेदनशील है।
ज्ञापन के दौरान बबलू चक्रवती,सुबोध महेश्वरी,संजय सिंह,सचिन उपाध्याय,सुनील कुमार, मनीष कुमार, संजय,राहुल आदि
पत्रकार बंधु उपस्थित रहे
#dmkasganj #yogiaditynath #news
Author: Soron Live 24

