दो शातिर साइबर ठग कासगंज पुलिस के हत्थे, सिम पोर्ट कर ₹2.50 लाख की ठगी

दो शातिर साइबर ठग कासगंज पुलिस के हत्थे, सिम पोर्ट कर 2.50 लाख की ठगी

दो मोबाइल फोन और ₹2310 नकद बरामद, दोनों आरोपी मैनपुरी के निवासी

कासगंज। कासगंज पुलिस ने साइबर ठगी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वादी से दोस्ती कर उसकी सिम पोर्ट करवाई और उसके बैंक खाते से करीब ढाई लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ₹2310 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुश्री सुष्मिता कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम श्री अमित कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना साइबर क्राइम टीम ने 27 अक्तूबर को आरोपियों को रेलवे स्टेशन कासगंज के पास अहरौली फाटक से गिरफ्तार किया।

वादी से दोस्ती कर रची ठगी की साजिश

प्रकरण के अनुसार 9 अक्टूबर 2025 को वादी श्री राजेश कुमार पुत्र श्री रामपाल सिंह निवासी ग्राम तैवगढ़ कमालपुर थाना होला, जनपद कासगंज द्वारा साइबर थाना में तहरीर दी गई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी सिम पोर्ट कराकर बैंक खाते से ₹2,50,000 निकाल लिए हैं।

जांच में सामने आया कि वादी और आरोपी नोएडा की एक ही कंपनी में काम करते थे। वहीं से दोनों के बीच पहचान और दोस्ती हुई। आरोपी अवनीश ने वादी से बातचीत के दौरान यह जानकारी हासिल की कि उसके बैंक खाते में करीब ढाई लाख रुपये हैं। इसके बाद उसने योजना बनाकर वादी का फोन लिया और झांसे में लेकर उसकी सिम पोर्ट करा ली।

नोएडा से चल रहा था साइबर नेटवर्क

सिम पोर्टिंग के बाद अवनीश और उसका साथी संदेश यादव वादी के खाते से जुड़ी जानकारी का उपयोग कर गूगल पे व अन्य माध्यमों से रकम निकालने लगे। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों ने अपने गांव के लोगों की मदद से नया सिम कार्ड निकलवाया और उसी के जरिये धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया —
1️⃣ संदेश यादव पुत्र श्रीकृष्ण यादव, निवासी ग्राम नगला देवी थाना औंछा, जनपद मैनपुरी (आयु लगभग 24 वर्ष)
2️⃣ अवनीश यादव पुत्र बालासहाय यादव, निवासी ग्राम नगला देवी थाना औंछा, मैनपुरी (आयु लगभग 23 वर्ष)

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से ₹2310 नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

साइबर सेल की सक्रियता से खुला मामला

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक रामकेश राजपूत, उपनिरीक्षक विनय शर्मा, कांस्टेबल योगेश सिंह, स्वप्निल सिवाच, कपिल प्रताप सिंह व सुमित बाल्यान शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *