सोरों पालिका अध्यक्ष ने नगर विकास मंत्री से मेला मार्गशीर्ष को बजट की मांग,और उद्घाटन को किया आमंत्रित

नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने लखनऊ में नगर विकास मंत्री से की मुलाकात

प्रांतीय मेला मार्गशीर्ष श्री शूकर क्षेत्र महोत्सव 2025 के लिए विशेष बजट व सहयोग की मांग, मंत्री को किया आमंत्रित

 

सोरों (कासगंज)।तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में आयोजित होने वाले प्रांतीय मेला मार्गशीर्ष एवं श्री शूकर क्षेत्र महोत्सव वर्ष 2025 की तैयारियां आरंभ हो गई हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद सोरों (कासगंज) के अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने राजधानी लखनऊ में नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर मेले की व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित दो महत्वपूर्ण पत्र सौंपे।

नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने बताया कि सोरों शूकर क्षेत्र एक प्राचीन एवं गौरवशाली तीर्थस्थल है, जिसका उल्लेख विभिन्न पुराणों में मिलता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वर्ष 2021 में इसे राजकीय तीर्थस्थल घोषित किया जा चुका है। यहाँ मार्गशीर्ष माह में लगने वाला मेला पूरे उत्तर भारत में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का केंद्र है, जहाँ लाखों श्रद्धालु हरि की पैड़ी, वराह तीर्थ और सरस्वती तीर्थ में स्नान कर पुण्य अर्जित करते हैं।

अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने नगर विकास मंत्री से मुलाकात के दौरान मेला व्यवस्थाओं हेतु नगर विकास विभाग द्वारा ₹50 लाख या उससे अधिक का विशेष बजट स्वीकृत किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 एवं 2024 में ₹10 से ₹20 लाख तक की राशि उपलब्ध कराई गई थी, जिससे मेला प्रबंधन में सुधार हुआ था, परंतु इस वर्ष अब तक कोई बजट स्वीकृत नहीं हुआ है।

इसी के साथ अध्यक्ष ने मंत्री अरविन्द शर्मा को प्रांतीय मेला मार्गशीर्ष श्री शूकर क्षेत्र महोत्सव 2025 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
उन्होंने बताया कि मेला 29 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम का प्रस्तावित क्रम इस प्रकार रहेगा —

1 श्री गंगाजी पूजन सायं 4:00 बजे जातीय मंदिर, हरि की पैड़ी
2 मेला उद्घाटन सायं 5:00 बजे सामुदायिक भवन, हरि की पैड़ी
3 भगवान श्री वराह दर्शन सायं 5:30 बजे श्री वराह मंदिर परिसर
4 सरस्वती वंदना सायं 5:50 बजे मेला प्रांगण,
5 अतिथि सम्मान समारोह सायं 6:00 बजे मेला प्रांगण,

अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने बताया कि — “सोरों शूकर क्षेत्र सनातन आस्था का केंद्र है। मेला मार्गशीर्ष की व्यवस्थाओं को और भव्य बनाने के लिए हमने नगर विकास मंत्री से विशेष सहयोग का अनुरोध किया है। मंत्री जी ने इस दिशा में सकारात्मक आश्वासन दिया है।”

नगर पालिका परिषद द्वारा मेला क्षेत्र में सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई है।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर विकास मंत्री के सहयोग से इस वर्ष का मार्गशीर्ष मेला 2025 और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक रूप में आयोजित किया जाएगा।
#सोरों #शूकरक्षेत्र_धाम #लखनऊ #अरविंदशर्मा

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *