कासगंज: श्रद्धा उत्साह के संग मनाया गया करवाचौथ पर्व पत्नियों ने की पति की लंबी उम्र की कामना!




कासगंज। सुहागिनों का पावन पर्व करवा चौथ शुक्रवार को जिलेभर में पारंपरिक आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु की कामना की।
सुबह से ही बाजारों में चूड़ियों, साड़ियों और श्रृंगार सामग्री की रौनक देखने को मिली। सोरों, कासगंज शहर, सहावर, पटियाली और गंजडुंडवारा क्षेत्र की महिलाओं ने करवा चौथ की पूजा कर व्रत कथा सुनी भगवान शंकर पार्वती की पूजा अर्चना की। शाम को चांद निकलने का इंतजार हर घर की छतों पर नजर आया।
जैसे ही चांद का दीदार हुआ, सुहागिनों ने छलनी से चांद और अपने पति का चेहरा देखकर अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद व्रत तोड़कर परिवार के साथ मिठाई और पकवानों का आनंद लिया।
सोरों की स्थानीय महिलाएं मीनू उपाध्याय, वंदना उपाध्याय ने बताया कि करवाचौथ सिर्फ एक व्रत नहीं, बल्कि पति-पत्नी के प्रेम, समर्पण और विश्वास का प्रतीक पर्व है।
#करवाचौथ #व्रत #सुहागिन
Author: Soron Live 24

