सोरों में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की कार्यशाला आयोजित
हर घर स्वदेशी – घर घर स्वदेशी का संदेश ले जाएंगे कार्यकर्ता : आदित्य कांकोरिया

सोरों। रेलवे रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर रविवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की नगर मंडल कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला में जिला सह-संयोजक मनोज मधुवन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान 25 सितंबर से प्रारंभ होकर 25 दिसंबर तक चलेगा। आगामी तीन माह तक क्रमबद्ध चरणों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। सभी कार्यकर्ता पूर्ण मनोयोग के साथ जुटकर “हर घर स्वदेशी – घर घर स्वदेशी” का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।
नगर अध्यक्ष आदित्य कांकोरिया ने कहा कि आगामी पर्वों दशहरा और दीपावली पर कार्यकर्ता जनजागरण करेंगे तथा लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि “विदेशी उत्पादों का बहिष्कार कर स्वदेशी को बढ़ावा देना ही सच्ची देशभक्ति है। दीपावली पर बिजली के चाइनीज उपकरणों की बजाय मिट्टी के दीपक से घरों को रोशन करना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
कार्यशाला की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद सोरों अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ईमानदारी व लगन के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नानक चंद्र गुप्ता, संपूर्णानंद भारद्वाज, आशुतोष त्रिवेदी, कन्हैयालाल बघेल, सांत्वना पाराशर, शैलेन्द्र महेरे, रामगोविन्द महेरे, गिरीश वार्ष्णेय, राजकुमार कश्यप, राहुल पाठक, विशाल पाठक, राहुल शर्मा, राहुल पचौरी, विजय गोस्वामी (सभासद), अवनीश वशिष्ठ, आकाश महेरे, सत्यम चतुर्वेदी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

