नवरात्रि पर कासगंज में मांसाहार बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग

नवरात्रि पर कासगंज में मांसाहार बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग

कासगंज।नवरात्रि के पावन पर्व पर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मर्यादा की रक्षा हेतु अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ ने जिला प्रशासन से शहर में मांसाहार की दुकानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेश शर्मा ने जिला अधिकारी व पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देकर कहा कि मां चामुंडा देवी के प्रमुख मार्ग (मुख्य हाईवे – सोरों गेट से बिलराम गेट तक) पर स्थित सभी मांसाहारी दुकानों को नवरात्रि के नौ दिनों तक बंद कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से हजारों श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे और वृद्ध माता रानी के दर्शन हेतु गुजरते हैं। ऐसे समय में खुलेआम मांसाहार की बिक्री धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के साथ ही वातावरण को अशुद्ध करती है।

शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी विशेष समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता बनाए रखने के उद्देश्य से है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल पूजा का पर्व नहीं बल्कि स्वच्छता, संयम और सात्विकता का संदेश देने का समय है।

संघ के इस आह्वान को स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं का व्यापक समर्थन मिला है। उनका कहना है कि इस कदम से नवरात्रि पर पूरे शहर में धार्मिक सौहार्द और स्वच्छता का वातावरण बनेगा और कासगंज की पहचान एक धार्मिक तीर्थनगरी के रूप में और प्रबल होगी।

???? संघ की अपील
अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ ने शहरवासियों से अपील की है कि नवरात्रि के दौरान शाकाहार अपनाएं, मार्ग को स्वच्छ रखें और धार्मिक माहौल बनाए रखें। साथ ही संघ ने चेतावनी दी है कि यदि इस मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया तो भक्तजन शांतिपूर्ण आंदोलन करने को बाध्य हो सकते हैं।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *