इंदिरा एकादशी पर सोरों शूकरक्षेत्र धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने की पंचकोशी परिक्रमा
कासगंज।शूकरक्षेत्र धाम, सोरों जी में इंदिरा एकादशी के पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने पंचकोशी परिक्रमा कर धर्म एवं आस्था का संदेश दिया। प्रातःकाल हर की पैड़ी गंगा तट पर स्नान एवं भगवान वराह का पूजन-अर्चन करने के बाद परिक्रमा का शुभारंभ हुआ।
समाज सेवा समिति संयोजक एवं ब्राह्मण कल्याण सभा के संस्थापक अध्यक्ष शरद कुमार पांडेय के नेतृत्व में परिक्रमा श्री गंगा जी से प्रारंभ होकर सूर्यकुंड, दूधेश्वर, साध्वी रत्नावली समाधि स्थल, बटुक भैरव मंदिर, जयदेवी पीठ, सीताराम मंदिर, देवी मंदिर, तुलसीदास जन्मस्थली होते हुए 84 घंटे वाली मां तक पहुँची। इसके बाद भक्तगण बाक्षरू महाराज पर दर्शन कर कीर्तन करते हुए सीता जी की रसोई पहुँचे, जहाँ प्रसादी वितरण किया गया।
पंचकोशी परिक्रमा के दौरान भक्तगण ॐ जय गंगे और ॐ जय वराह के कीर्तन गाते हुए झूमते नजर आए। विभिन्न पड़ावों पर समिति के सहयोगियों, ग्रामवासियों एवं भक्तजनों द्वारा जगह-जगह प्रसादी, फलाहार एवं जलपान की व्यवस्था की गई।
शरद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रत्येक एकादशी को आयोजित होने वाली यह परिक्रमा भक्तों को भगवान विष्णु और भगवान वराह की विशेष कृपा दिलाती है। इंदिरा एकादशी का व्रत पापों से मुक्ति और मोक्ष प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करता है।
पंचकोशी परिक्रमा में मुख्य रूप से अशोक कुमार पाण्डेय, शशांक दीक्षित, गिरिजाशंकर पाठक, शिवानंद उपाध्याय, विनोद दीक्षित, बदन सिंह, गीतम सिंह, योगेश उपाध्याय, रविकांत पचौरी, प्रदीप उपाध्याय, जयवीर सिंह, प्रवीण वशिष्ठ, खूब सिंह, राजकुमार गौड़, रोशनलाल लोधी, रामचंद्र साहू, प्रकाश लोधी, तेजपाल लोधी, लाखन सिंह, राधे मोहन झा सहित हजारों श्रद्धालु शामिल रहे।
Author: Soron Live 24

