सोरों में 199 वाहन चालकों के कटे चालान, हरि की पैड़ी क्षेत्र में अनधिकृत पार्किंग पर सख्ती

कासगंज। कस्बा सोरों में हरि की पैड़ी के आसपास अनधिकृत रूप से खड़े ई-रिक्शा, टेंपो और अन्य वाहनों के विरुद्ध पुलिस व प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की। निर्देशित किया गया कि सभी वाहन चालक अपने वाहन मेला ग्राउंड में पार्क करें और उसके बाद ही श्रद्धालुओं को हरि की पैड़ी की तरफ लाने-ले जाने की अनुमति होगी। हरि की पैड़ी के आसपास किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा करना पूर्णतया वर्जित कर दिया गया है।
इस दौरान वाहन चेकिंग अभियान चलाकर उपस्थित आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रदेश स्तरीय “नो हेलमेट, नो फ्यूल” विशेष अभियान (01 से 30 सितम्बर 2025) के अंतर्गत पेट्रोल पंप संचालकों को 10×5 फीट आकार के “नो हेलमेट, नो फ्यूल – आपका जीवन है अनमोल” संबंधी बैनर/होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी पंपों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से सक्रिय रखने के आदेश भी दिए गए, ताकि किसी विवाद की स्थिति में फुटेज का अवलोकन कर कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की सख्ती के बीच बिना हेलमेट वाहन चला रहे 199 चालकों के चालान काटे गए।
Author: Soron Live 24

