निजी ट्रांसफार्मर से जबरन कनेक्शन देने का आरोप, जेई सोरों के खिलाफ मंदिर कमेटी का विरोध
नवदुर्गा मंदिर समिति ने मुख्य अधीक्षक अभियंता को दी शिकायत, अभद्र व्यवहार का भी लगाया आरोप

कासगंज। तीर्थ नगरी सोरों कोतवाली क्षेत्र स्थित नवदुर्गा मंदिर में विद्युत आपूर्ति के लिए लगाए गए निजी ट्रांसफार्मर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर कमेटी ने सोरों बिजलीघर पर तैनात जेई पर आरोप लगाया है कि वह जबरन इसी निजी ट्रांसफार्मर से किसी अन्य व्यक्ति को नया विद्युत कनेक्शन देने का प्रयास कर रहे हैं।
मंदिर कमेटी के सदस्य गौतम मिश्रा ने बताया कि मंदिर में विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर को विभाग से विधिवत स्वीकृति लेकर निजी खर्चे पर स्थापित कराया गया था। इसके बावजूद जेई द्वारा अन्य व्यक्ति को कनेक्शन देने का दबाव बनाया जा रहा है, जिसका कमेटी ने विरोध किया है।
इस संबंध में कमेटी ने मुख्य अधीक्षक अभियंता को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही 1912 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, जहां अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निजी खर्च से लगाए गए ट्रांसफार्मर से बिना अनुमति किसी अन्य को कनेक्शन देना उचित नहीं है।
कमेटी के सदस्यों का यह भी आरोप है कि जेई द्वारा बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे मंदिर की गरिमा प्रभावित हो रही है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश व्याप्त है और समिति ने जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की ।
#soronnews24 #BREAKING #yogiaaditynath #dmkasganj #DVNL
Author: Soron Live 24

