इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान से फंसाकर नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, पीड़िता पहुंची एसपी कार्यालय

इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान से फंसाकर नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, पीड़िता पहुंची एसपी कार्यालय


कासगंज।जनपद में एक नाबालिग पीड़िता ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपहरण और गैंगरेप के गंभीर आरोपों में कार्रवाई की गुहार लगाई। पीड़िता ने शिकायती पत्र सौंपते हुए कई नामजद आरोपियों पर घटना को अंजाम देने और बाद में धमकाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, 26 जनवरी 2026 की सुबह पीड़िता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी, जिसके बाद थाना पटियाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर उसे बहला-फुसलाकर कार में बैठाकर ले जाया गया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ देकर एक बंद स्थान पर रखा, जहां कई दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी और दबाव बनाकर वीडियो भी बनवाया।
प्रार्थना पत्र में एक मुख्य आरोपी को प्रभावशाली और आर्थिक रूप से मजबूत बताते हुए उस पर कई अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी की दबंगई के चलते अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और वह खुलेआम घूम रहा है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मुकदमा वापस लेने के लिए उसे और उसके परिवार को लगातार धमकाया जा रहा है। हाल ही में घर पहुंचकर डराने-धमकाने की भी शिकायत की गई है।
शिकायत में उल्लेख है कि मामले में दर्ज एफआईआर के बाद एक आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *