दिव्यांगजनों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा गया मांग पत्र

सोरों/कासगंज।श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति सोरों द्वारा दिव्यांगजनों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम एक मांग पत्र प्रेषित किया गया है। यह पत्र जिलाधिकारी कासगंज के माध्यम से भेजा गया है।
समिति के अध्यक्ष ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 03 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर सोरों में कार्यक्रम आयोजित कर दिव्यांगजनों की समस्याओं पर चर्चा की जाती है। वर्ष 2024 और 2025 में आयोजित कार्यक्रमों में दिव्यांगजनों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए, जिनके समाधान के लिए शासन को मांग पत्र भेजा गया था।
समिति द्वारा भेजे गए मांग पत्र में कहा गया है कि दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आय सीमा बढ़ाकर 2 लाख रुपये प्रतिवर्ष की जाए, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ ले सकें। इसके साथ ही विशिष्ट दिव्यांग प्रमाण पत्र (यूडीआईडी कार्ड) धारकों को पूरे भारत में रेल और बस यात्रा में निशुल्क सुविधा प्रदान किए जाने की भी मांग की गई है।
इसके अलावा जनसंख्या के आधार पर सांसद, विधायक, जिला पंचायत, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत चुनावों में 4 प्रतिशत दिव्यांग आरक्षण लागू करने और राज्य महिला आयोग की तर्ज पर राज्य दिव्यांग आयोग के गठन की मांग भी पत्र में शामिल की गई है।
समिति ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि दिव्यांगजनों की समस्याओं को मानवीय दृष्टिकोण से देखते हुए इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए।
Author: Soron Live 24

