फर्जी बैनामा प्रकरण में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, सिढपुरा पुलिस की कार्रवाई

कासगंज, 01 मार्च 2026। जनपद में वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिढपुरा पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी बैनामा कराने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक कासगंज अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2025 को वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना सिढपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 250/25 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि वादी की जमीन का धोखाधड़ीपूर्वक कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी बैनामा कराया गया था।
मामले में वांछित अभियुक्त मनोज पुत्र मोहनलाल निवासी नाथपुर, थाना सिढपुरा, जनपद कासगंज को रविवार सुबह करीब 8:15 बजे बिचौला नगला की पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
थाना सिढपुरा पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author: Soron Live 24

