यूपी बोर्ड:10 वीं हिंदी का पेपर आसान देख, खिल उठे परीक्षार्थियों के चेहरे

यूपी बोर्ड:10 वीं हिंदी का पेपर आसान देख, खिल उठे परीक्षार्थियों के चेहरे

कासगंज। (सचिन उपाध्याय/रवि श्रोतीय)यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में हिंदी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा सुबह 8:30 बजे प्रारंभ होकर 11:45 बजे समाप्त हुई। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते ही छात्रों के चेहरों पर मुस्कान साफ नजर आई।
परीक्षा देकर बाहर आए छात्र-छात्राओं ने बताया कि हिंदी का प्रश्नपत्र काफी सरल था और अधिकतर प्रश्न एनसीईआरटी की पुस्तक एवं निर्धारित सिलेबस के अनुसार पूछे गए थे। छात्रों ने कहा कि प्रश्न सीधे और समझने में आसान थे, जिन्हें समय रहते हल कर लिया गया। बहुविकल्पीय प्रश्न भी सरल रहे, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।
जीवन परिचय से संबंधित प्रश्नों में आचार्य रामचंद्र शुक्ल, राजेंद्र प्रसाद, रामधारी सिंह दिनकर और जयप्रकाश भारती से जुड़े प्रश्न शामिल रहे। वहीं कवियों के जीवन परिचय में सूरदास, रसखान, मैथिलीशरण गुप्त और सुभद्रा कुमारी चौहान से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
निबंध लेखन खंड में “जल ही जीवन है”, “जीवन में कंप्यूटर का महत्व”, “भारत में जनसंख्या वृद्धि: समस्या और समाधान”, “मेरे सपनों का भारत” तथा “प्रदूषण: समस्या और समाधान” जैसे विषय दिए गए, जिन्हें विद्यार्थियों ने अपेक्षित और सिलेबस आधारित बताया।
हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा देकर निकली छात्रा आरुषि ने बताया कि हिंदी का प्रश्नपत्र एनसीईआरटी की किताब के अनुरूप आया था और उन्होंने पूरा प्रश्नपत्र निर्धारित समय में हल कर लिया।
इसी तरह संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर लौटी छात्रा अनुष्का ने बताया कि प्रश्नपत्र सिलेबस के अनुसार और बेहद सरल था। उन्होंने कहा कि सभी प्रश्न समझ में आने वाले थे और समय रहते पूरा पेपर हल कर लिया।
पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होने से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने राहत की सांस ली। अब छात्रों की नजर आगामी परीक्षाओं पर टिकी है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *