सोरों में होलिका माता मंदिर निर्माण को लेकर 19 फरवरी को भूख हड़ताल का ऐलान
ü
Holika Bauddhik Vikas Samiti ने भूमि आवंटन व मूर्ति स्थापना की मांग उठाई
कासगंज, होलिका बौद्धिक विकास समिति ने पौराणिक तीर्थ नगरी सोरों में होलिका माता मंदिर निर्माण के लिए भूमि आवंटन एवं मूर्ति स्थापना की मांग को लेकर 19 फरवरी 2026 को एक दिवसीय भूख हड़ताल करने की घोषणा की है। इस संबंध में समिति द्वारा जिलाधिकारी कासगंज को ज्ञापन सौंपकर सूचना दी गई है।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.डी. विश्वास द्वारा प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि सोरों को पौराणिक मान्यता प्राप्त तीर्थ स्थल बताते हुए इसे होलिका देवी की जन्म व बलिदान भूमि बताया गया है। समिति का कहना है कि नगर के समीप लगभग 2.142 हेक्टेयर बंजर भूमि मंदिर निर्माण के लिए उपयुक्त है, जो पूर्व में पुलिस लाइन हेतु आवंटित की गई थी, किंतु वर्तमान में उस पर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि मंदिर निर्माण के लिए कई बार प्रशासन से मांग की गई, किंतु अब तक भूमि आवंटन नहीं किया गया। समिति का दावा है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों व श्रद्धालुओं का समर्थन उन्हें प्राप्त है। 12 दिसंबर 2025 को आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में भी इस मांग को प्रमुखता से उठाया गया था।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि 19 फरवरी तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे फ्लोरा तीज के अवसर पर सोरों में एक दिवसीय भूख हड़ताल करेंगे। भूख हड़ताल सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रस्तावित है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कासगंज एवं उपजिलाधिकारी कासगंज को भी प्रेषित की गई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या निर्णय लेता है और प्रस्तावित आंदोलन को लेकर क्या रुख अपनाता है।
Author: Soron Live 24

