“नकलविहीन व पारदर्शी होंगी बोर्ड परीक्षाएं”, प्रशासन पूरी तरह तैयार:डीएम प्रणय सिंह

“नकलविहीन व पारदर्शी होंगी बोर्ड परीक्षाएं”, प्रशासन पूरी तरह तैयार:डीएम प्रणय सिंह

कासगंज (सचिन उपाध्याय) जनपद में 18 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं, 64 केंद्रों पर 40 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
कासगंज। परिषद् परीक्षा वर्ष 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि “जनपद में बोर्ड परीक्षाएं नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराई जाएंगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
प्रेस वार्ता में जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश शुक्ल भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक बोर्ड परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संचालित की जाएगी।
जनपद में कुल 64 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल में 21,717 तथा इंटरमीडिएट में 18,645 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस प्रकार कुल 40,362 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
डीएम ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वॉयस रिकॉर्डर युक्त कक्षों में परीक्षा कराई जाएगी। निगरानी हेतु 03 जोनल मजिस्ट्रेट, 08 सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रत्येक केन्द्र पर 01 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 01 बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है।
64 परीक्षा केन्द्रों में से 03 को अतिसंवेदनशील तथा 14 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इसके अतिरिक्त 7 सचल दल गठित किए गए हैं, जो लगातार निरीक्षण करेंगे।
24×7 ऑनलाइन मॉनीटरिंग की व्यवस्था
परीक्षा केन्द्रों की ऑनलाइन निगरानी के लिए जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। साथ ही मंडलीय, क्षेत्रीय (मेरठ) एवं प्रदेश स्तरीय कंट्रोल रूम (लखनऊ) से भी सभी केन्द्रों की 24×7 मॉनीटरिंग की जाएगी।
पुलिस बल रहेगा तैनात
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रश्नपत्रों को पुलिस अभिरक्षा में पूर्व निर्धारित तिथि पर सुरक्षित रूप से केन्द्रों तक पहुंचा दिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश शुक्ल ने बताया कि सभी विद्यालयों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे समय से परीक्षा केन्द्र पर पहुंचें, अनुशासन बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *