107 बार कांवड़ भर चुके प्रीतम सिंह, महाशिवरात्रि पर 108वीं कांवड़ लेकर पहुंचे सोरों शूकर क्षेत्र

सोरों (कासगंज) (सचिन उपाध्याय)महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था की अनूठी मिसाल पेश करते हुए आगरा जनपद के ग्राम बुढ़ेरा निवासी प्रीतम सिंह अपनी 108वीं कांवड़ लेने पवित्र तीर्थस्थल सोरों शूकर क्षेत्र पहुंचे। गंगा तट से जल भरकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने का उनका यह संकल्प वर्षों पुराना है।
प्रीतम सिंह ने बताया कि उनके घर पर 8 फरवरी से रुद्र यज्ञ अनुष्ठान चल रहा है, जिसकी पूर्णाहुति 16 फरवरी, सोमवार को होगी। इस शुभ अवसर पर अपने गांव बुढ़ेरा में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अब तक वे सोरों के लहर गंगा घाट से 107 बार कांवड़ भर चुके हैं और इस महाशिवरात्रि पर उनकी यह 108वीं कांवड़ है। वे प्रत्येक धार्मिक पर्व और सावन के प्रत्येक सोमवार को नियमित रूप से कांवड़ चढ़ाते हैं। उनकी इस अटूट आस्था और निरंतर साधना से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है।
इस पुण्य कार्य में उनकी पत्नी तथा शिष्य सोनू राजपूत भी उनके साथ रहे और सहयोग प्रदान किया। श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रीतम सिंह की भक्ति और संकल्प युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
Author: Soron Live 24

