वराह मूर्ति से चंदन चौक तक सीसी रोड मुद्दा एसडीएम के सामने उठा, जांच की मांग तेज।

कासगंज यूपी ।तीर्थ नगरी सोरों में बुधवार को स्थानीय लोगों ने एसडीएम/अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा के समक्ष एक साल पहले बने सीसी मार्ग की खराब गुणवत्ता का मामला उठाया। यह मार्ग वराह मूर्ति से चंदन चौक तक बनाया गया था, जो निर्माण के कुछ ही समय बाद जगह-जगह से उखड़ने लगा और सड़क पर गड्ढे बन गए।
बुधवार को एसडीएम हर्षिता देवड़ा चंदन चौक में चल रहे नए सीसी रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचीं थीं। इसी दौरान उन्होंने रोडवेज बस स्टैंड पर सफाई व्यवस्था आदि का भी जायजा लिया। निरीक्षण के समय स्थानीय निवासी राधेश्याम वशिष्ठ उर्फ लल्ला ने उन्हें पूर्व में बने सीसी मार्ग की दयनीय स्थिति से अवगत कराया।
स्थानीय निवासी ने बताया कि सड़क निर्माण को अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन कई स्थानों पर सीसी सड़क उखड़ चुकी है, गिट्टी बाहर निकलकर बिखर गई है और गड्ढे बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी फेसबुक के माध्यम से तथा नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने एसडीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी निर्माण एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
#soron #nagarpalika #soronnews24
Author: Soron Live 24

