सपा समर्थकों का वोट काटने की साजिश का आरोप, डीएम को सौंपा ज्ञापन

सपा समर्थकों का वोट काटने की साजिश का आरोप, प्रशासन के खिलाफ डीएम को सौंपा ज्ञापन

कासगंज। समाजवादी पार्टी ने जनपद में सुनियोजित तरीके से सपा समर्थकों के वोट काटे जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जनपद कासगंज की तीनों विधानसभा सीटों पर विशेष रूप से सपा समर्थक क्षेत्रों में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश रची जा रही है। इसके तहत फॉर्म नंबर-7 पर पहले से प्रिंटेड नाम डालकर, उसी गांव के लोगों को शिकायतकर्ता बनाते हुए फर्जी मोशन (आपत्तियां) डाली जा रही हैं।
सपा का कहना है कि जिन मतदाताओं के वोट पर आपत्ति की जा रही है, उनके पते जानबूझकर गलत लिखे जा रहे हैं, ताकि बीएलओ मौके पर जांच के समय संबंधित व्यक्ति से संपर्क न कर सके और आसानी से उसका वोट काट दिया जाए।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि:
कासगंज शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में बीएलओ नए वोट बनाने के फॉर्म लेने तक से इंकार कर रहे हैं।
प्रशासन द्वारा एसआईआर (विशेष पुनरीक्षण) सूची में जानबूझकर त्रुटियां डालकर बड़ी संख्या में नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
सपा के प्रभाव वाले क्षेत्रों में बीएलओ को वोट बढ़ाने के लिए बहुत ही सीमित संख्या में फॉर्म दिए गए, जबकि अन्य क्षेत्रों में उदारता बरती गई।
कासगंज विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों बूथों पर वोट काटने की साजिश का आरोप लगाया गया है, जिनके बूथ नंबर भी ज्ञापन में दर्ज हैं।
सपा जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह यादव ने कहा कि यदि समय रहते इस गंभीर मामले की जांच नहीं कराई गई तो लोकतंत्र को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की तहसील स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
इस मौके पर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे और प्रशासन से निष्पक्षता की मांग की।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *