तीर्थनगरी सोरों में पार्किंग ठेका उठाने का विरोध, गंगा भक्त समिति ने डीएम से लगाई गुहार

सोरों (कासगंज)। पौराणिक तीर्थ स्थल शुकर क्षेत्र सोरों में नगर पालिका द्वारा घाट क्षेत्र को पार्किंग के रूप में ठेके पर दिए जाने के प्रस्ताव ने विवाद खड़ा कर दिया है। इस फैसले के विरोध में गंगा भक्त समिति सोरों ने जिला अधिकारी कासगंज को ज्ञापन सौंपकर पार्किंग ठेका प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है।
समिति ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि सोरों शुकरक्षेत्र प्रदेश सरकार द्वारा घोषित एक महत्वपूर्ण धार्मिक व पौराणिक तीर्थ स्थल है, जहां वर्ष भर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान सहित कई राज्यों से श्रद्धालु अस्थि विसर्जन, स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं। तीर्थ यात्रियों के निजी वाहनों के लिए अब तक कभी भी पार्किंग शुल्क नहीं लिया गया, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलती रही है।
गंगा भक्त समिति ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका सोरों द्वारा 07 फरवरी 2026 को सार्वजनिक बोली के माध्यम से पार्किंग का ठेका उठाने की तैयारी की जा रही है, जो न केवल तीर्थ की परंपराओं के विपरीत है बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था पर भी चोट है। समिति का कहना है कि इस निर्णय से तीर्थ यात्रियों और तीर्थ पुरोहितों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और तीर्थ नगरी की धार्मिक गरिमा प्रभावित होगी।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पूर्व की भांति मेला ग्राउंड को तीर्थ यात्रियों के निजी वाहनों के लिए निशुल्क पार्किंग स्थल घोषित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। समिति ने प्रशासन से आग्रह किया है कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में जनभावनाओं को प्राथमिकता दी जाए।
गंगा भक्त समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि पार्किंग ठेका प्रक्रिया पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई तो समिति को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश होना पड़ेगा। ज्ञापन पर समिति अध्यक्ष सतीश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल एवं सचिव नीतेश मेघावी ,अनुज दुबे,सोमांशु निर्भय,संजय उपाध्याय आदि लोग उपस्थित रहे।।
Author: Soron Live 24

