जिला अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

कासगंज। जनपद के जिला अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आई है, जिसकी पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने कोतवाली कासगंज में तहरीर देकर अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम कादरवाड़ी थाना सोरों निवासी अनिल कुमार पुत्र रामसनेही ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 03 फरवरी 2026 को जिला अस्पताल कासगंज दवा लेने आया था। इस दौरान उसने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (संख्या UP87R0098) को जिला अस्पताल के मुख्य गेट के पास खड़ा किया था।
दवा लेकर वापस लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। पीड़ित द्वारा आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में मोटरसाइकिल चोरी की घटना रिकॉर्ड होने की पुष्टि हुई।
पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर मोटरसाइकिल बरामद कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Author: Soron Live 24

