सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों में डीएम का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर सख्त रुख

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों में डीएम का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर सख्त रुख

गंदगी, अनुपस्थित स्टाफ और पुरानी एक्स-रे मशीन पर जताई नाराजगी, तत्काल सुधार के निर्देश

कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, ओपीडी संचालन, इमरजेंसी, वार्ड, दवा वितरण, प्रयोगशाला, वैक्सीन व्यवस्था एवं एक्स-रे मशीन की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर में गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई और साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने मरीजों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सभी दवाएं अनिवार्य रूप से मरीजों को दी जाएं, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि शासन द्वारा नवीन एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद पुरानी मशीन से एक्स-रे किए जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए नई एक्स-रे मशीन को तत्काल प्रभाव से चालू कर उपयोग में लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समय से चिकित्सकों द्वारा ओपीडी संचालन किया जाना अनिवार्य है। आम जनता को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में अभिषेक शर्मा (बीएसडब्ल्यू) एवं निशान्त तिवारी (फिजीशियन) अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अंत में स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों, जिससे आम जन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

#DmKasganj#soron#news

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *